कछार में सप्ताहान्त तनाव दूर करने निरुद्देश्य घूमते मुझे दिखा कि मेरे तट की ओर गंगाजी काफी कटान कर रही हैं, पर दूर कई द्वीप उग आये हैं जिनपर लोग खेती कर रहे हैं। उन द्वीपों पर टहलते हुये जाया नहीं जा सकता। लिहाजा खेती करते लोगों को देखना इस साल नहीं हो पा रहा जो पिछली साल मैं कर पाया था।
देखें – अरविन्द का खेत।
पर तभी इस पार पुआल की टटरी की मड़ई (झोंपड़ी) दिखी। मैं उसकी ओर बढ़ने लगा। वहां मिले अर्जुन प्रसाद पटेल। नाम से स्पष्ट है कि वे केवट नहीं हैं। नाव नहीं है उनके पास द्वीप पर जाने को। इस कारण से इसी पार खेती कर रहे हैं। बस्ती से सटे कछार में वे अपनी क्यारियां बना रहे थे।
अर्जुन जी काफी मुखर जीव थे। आपके ट्रिगर करने पर स्वत: बात आगे बढ़ाने वाले। पिछले बीस पच्चीस दिन से खेती का काम का रहे हैं। कई क्यारियों में पौध लग चुकी थी। नेनुआ, पालक टमाटर दिख रहा था। लौकी, कोंहंड़ा, लहसुन और प्याज लगाने वाले हैं अर्जुन जी।
यहीं रहते हैं रात में?
जी हां, अभी तो जमीन पर बिछाते हैं बिस्तर। पर सर्दी बढ़ रही है, सो पियरा पालने (जमीन पर पुआल की परत बिछाने) जा रहे हैं। रात में यहीं रहते हैं। यद्यपि डेरा पास में गोविन्दपुरी में एक डाक्टर के यहां है। रात नौ बजे तक बाटी-चोखा के बनाने के लिये कौड़ा (अलाव) जलता रहता है सो कुछ लोग तापने के बहाने जुट जाते हैं। बाकी, रात में रखवाली के चक्कर में यहां रहना जरूरी है। सवेरे पांच बजे उठकर फिर कौड़ा जलाते हैं तो इधर उधर के लोग चले आते हैं।
उनकी टटरी वाली मड़ई वैसी ही थी, जैसे कल्पवासी माघ मेले में बना कर रहते हैं संगम तट पर। एक रात उनके साथ रहना हो तो आनन्द आ जाये!
खेती के लिये पानी कहां से लेते हैं? गंगाजी की धारा तो दूर है।
अर्जुन पटेल जी ने मुझे नाला दिखाया – वही वैतरणी नाला[१]। बाप रे, उस विसर्जित जल की सब्जी! मैने अपने चेहरे पर अरुचि का भाव आने नहीं दिया। पूरी बम्बई में ट्रैक के किनारे इसी तरह से तो सब्जी उगाते हैं।
खैर अर्जुन पटेल जी की खेती और मड़ई मुझे पसन्द आई। मैं उनके पास जाता रहूंगा और आपको आगे उनके बारे में जानने को और मिलता रहेगा!
|
अर्जुन पटेल की क्यारियां। पृष्ठभूमि में वैतरणी नाला है। |
[१] वैतरणी नाला (मेरा अपना गढ़ा नाम) – जो शिवकुटी-गोविन्दपुरी का जल-मल गंगा में ठेलता है।
मुझे अन्दाज नहीं कि अर्जुन प्रसाद पटेल ने मुझे क्या समझा होगा। मैने कुरता पायजामा और हवाई चप्पल पहना हुआ था। मेरे बोलने के एक्सेंट में अवधी पुट था। प्रश्न मेरे जरूर देशज नहीं थे, पर मेरा अन्दाज है कि मेरा पूरा व्यक्तित्व कोई साहबी आउटलुक नहीं दे रहा होगा। अगली बार मैं उनकी बाटी शेयर करने की बात करूं तो शायद वे सहमत भी हो जायें। उनके पास एक मूक-बधिर बच्चा खड़ा था और कुछ दूर पर एक स्त्री घास छील रही थी – शायद उनके परिवार के हों।
यह सब लिख रहा हूं। ब्लॉगजगत में किसे रुचि होगी अर्जुन प्रसाद पटेल और उनके परिवेश में?!





26Comments so far:
Post a Comment
"..जानते हो श्रीश ,,,..ऐसे वाक्य क्यों लिखे जाते हैं..?"
:)
:)
अरे यह तो गंगा तट की पत्रकारिता है.
nice..!
"अरे मूर्ख श्रीश..! टिप्पणी बड़ी नहीं करते...वरिष्ठ ब्लोगरों से सीखो..."
:)
:)
-----------------
वरिष्ठ ब्लॉगरों से कम अब्राहम लिंकन से अधिक सीखो। उन्होने कहा था कि मैं छोटा पत्र लिख सकता था, पर मेरे पास समय कम था!
अब तो हमारा कोई गाँव नहीं है किन्तु बचपन में दादी माँ के साथ ठंड के दिनों में गाँव जाया करते थे तो हम भी जमीन पर धान का पैरा बिछाकर तथा उस पर चादर डाल कर सोया करते थे। सच में बहुत गरमाता था वो बिस्तर!
अच्छा है कि किसी संवेदित-हृदय ज्ञानदत्त पाण्डेय के प्रातः-भ्रमण की राह पर ऐसे अनगिन चरित्र मुठभेड़ लेते रहें ।
बाकी श्रीश जैसा सौभाग्य हमारा कहाँ ?
बाकी हमारे नामराशि पाण्डेय जी बात में दम है !!!
धन्यवाद
किसान का जीवन कितना कठिन होता है, इस ‘आनन्द’ को एक रात उनके साथ बिता कर ही पता चलेगा। बेचारे किन विषम परिस्थितियों में काम करते हैं और उन्हें दाम क्या मिलता है :(
Its known as Veg- Vaitarni .....the new tase of India spreading from allahabad to Mumbai :)
हाशिये की आवाज को उठाना कितना अहम है , यह अलग से क्या बताना ...
आँख मूंद प्रसाद लील जाने वाले क्या जानेंगे ' अर्जुन प्रसाद ' को ...
... जिस समय ' चौथा स्तम्भ ' जमीन में धंस रहा हो और एक वरिष्ठ
ब्लागर जमीन से जुडी बातें करता हो , तो यह तो लिए प्रसन्नता की बात है |
आपकी गंगा से जुड़ी प्रविष्टियाँ मुझे तो बेहद प्रिय हैं ...
सब लोग कवरेज पा जायेंगे-पटेल जी भी.
बम्बई में रेल्वे लाईन के बाजू में सब्जी के खेत इस बार देखे पूरे शहर भर विस्तार पाते.
हेमन्त कुमार
वैसे गन्दगी वैतरणी नाले के जल से गंगा के जल में ज़्यादा होगी, क्रोमियम और अन्य रासायनिक कचरा जो विषाक्त रसायनों से आता है टैनरियों व मिलों के अपशिष्ट के रूप में।
Post a Comment